जिले में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये कलेक्टर ने वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में दिए दिशा-निर्देश
ग्वालियर 31 जुलाई 2026/ “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” सम्पूर्ण प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में मुख्यमंत्री, मंत्रिगण, मुख्य सचिव, राज्य शासन के अधिकारी सहित संभागीय आयुक्त, कलेक्टर एवं सभी विभागों के अधिकारी मैदानी भ्रमण कर आमजनों से संवाद करेंगे और समस्याओं का निराकरण करेंगे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शुक्रवार को अभियान के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के लिये वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर अभियान की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संघ प्रिय, सीईओ जिला पंचायत श्री सोजान सिंह रावत, अपर आयुक्त नगर निगम श्री टी प्रतीक राव, अपर आयुक्त नगर निगम श्री मुनीष सिकरवार, श्री प्रदीप तोमर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया है कि शहरी क्षेत्र में प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले भ्रमण कार्यक्रम एवं संवाद कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तैयार करें। इसके साथ ही जिला पंचायत सीईओ को ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित होने वाले शिविरों और जन संवाद कार्यक्रमों की तैयारी करने के दिशा-निर्देश दिए हैं।

