श्रावण मेले में दुकानदार अब 12 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
श्रावण मेला 20 जुलाई से 31 अगस्त तक लगेगा
ग्वालियर 04 जुलाई 2026/ ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा श्रावण मेले का आयोजन 20 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक किया जायेगा। श्रावण मेले में दुकानें, झूले लगाने के लिये एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी।
मेला सचिव श्री सुनील त्रिपाठी ने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा दुकानदारों एवं व्यापारियों की मांग पर दुकानों के लिये आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही मेले में 40 दुकानें और बढ़ाई गई हैं। मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदार एवं व्यापारी आवश्यकतानुसार अपनी दुकानों के आवंटन हेतु ऑनलाइन आवेदन एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर कर सकते हैं। मेले में दुकानदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेला प्राधिकरण द्वारा पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्थायें नि:शुल्क की गई हैं। पार्किंग व्यवस्था हेतु दुपहिया वाहन के 10 रुपए एवं चार पहिया वाहन के लिये 20 रुपए की दर निर्धारित की गई है। पार्किंग का संचालन मेला प्राधिकरण द्वारा किया जायेगा।

